Delhi News: दिल्ली-एनसीआर में मई के तीसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है। राजधानी में तेज धूप, भीषण गर्मी और धूल भरी आंधी के चलते लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को दिनभर साफ आसमान और तीखी धूप ने गर्मी का प्रभाव और भी बढ़ा दिया। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री अधिक 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हवा में नमी का स्तर भी 74 से घटकर 44 फीसदी के बीच रहा, जिससे उमस ने भी गर्मी के असर को और बढ़ा दिया। दिल्ली के आयानगर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस और पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ये दोनों इलाके राजधानी के सबसे गर्म क्षेत्रों में शामिल रहे।
आंशिक राहत की उम्मीद
मंगलवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जिससे गर्मी और उमस में कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।
हालांकि, राहत के बीच हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। दिन के समय लू चलने की संभावना बनी हुई है, जिससे असहज गर्मी का अनुभव हो सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रहेगा।
स्वास्थ्य पर असर, सावधानी जरूरी
इस भीषण गर्मी (Delhi News) और गर्म हवाओं से लोगों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है। मौसम विशेषज्ञों और डॉक्टरों की सलाह है कि नागरिक दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के तथा सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

