Delhi News : भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम (सीजफायर) की घोषणा के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल हाई अलर्ट की स्थिति बनी हुई है। सीमा पर भले ही गोलीबारी बंद हो गई हो, लेकिन दिल्ली में संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों, रिजर्व पुलिस, और स्पेशल वेपंस एंड टैक्टिक्स (SWAT) टीमों की तैनाती में कोई ढील नहीं दी गई है।
पुलिस और सुरक्षाबल सतर्क, मॉक ड्रिल का अभ्यास
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अर्धसैनिक बलों और SWAT टीमों की सक्रिय मौजूदगी बनी रहेगी। स्थानीय पुलिस को नियमित मॉक ड्रिल जारी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों में कोई कमी न हो। इसके अलावा बम निरोधक दस्तों को प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सक्रिय किया गया है। अधिकारी के अनुसार, इन दस्तों ने ऐसे स्थलों पर प्रैक्टिकल अभ्यास भी किया है जिससे त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके।
सभी सरकारी एजेंसियां अलर्ट मोड पर
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि दिल्ली की सभी प्रमुख सरकारी एजेंसियों और विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। सिविल डिफेंस, दिल्ली फायर सर्विस और एमसीडी के साथ मिलकर पुलिस मॉक ड्रिल के दौरान समन्वय कर रही है। सरकारी विभागों में अवकाश रद्द करने का आदेश अभी भी प्रभावी है और एयर साइरन की तैनाती भी जारी है।
लुटियंस जोन में पानी और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बैकअप प्लान लागू किया गया है। दिल्ली जल बोर्ड और एनडीएमसी अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संकट की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए आवश्यक संसाधनों और उपकरणों को स्टॉक कर लिया गया है।
सीमाओं पर चेकिंग तेज, ट्रांसपोर्ट सिस्टम भी सतर्क
दिल्ली (Delhi News) की सीमाओं पर सख्त चेकिंग की जा रही है। हर वाहन और व्यक्ति की जांच बढ़ा दी गई है ताकि कोई असामाजिक तत्व राजधानी में प्रवेश न कर सके। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कर सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा की।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

