Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बजट सत्र को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 मार्च से 26 मार्च तक चलेगा। इस बार का बजट “विकसित दिल्ली का बजट” होगा। उन्होंने कहा कि बजट को जनता के सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा, इसके लिए सरकार ने एक वॉट्सऐप नंबर और एक वेबसाइट जारी की है, जहां दिल्ली के नागरिक अपने सुझाव भेज सकते हैं।
जनता के बीच जाकर सुझाव लेंगे मंत्री
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “हमारा प्रयास है कि यह बजट जनता का बजट बने। इस बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा जाएगा और दिल्ली की आवश्यकताओं के अनुसार इसे तैयार किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।”
इसके अलावा उन्होंने बताया कि 5 मार्च को विधानसभा में महिलाओं से और 6 मार्च को व्यापारियों से सुझाव लिए जाएंगे। इसके बाद सरकार के मंत्री जनता के बीच जाकर सीधे उनसे सुझाव लेंगे, ताकि दिल्ली को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सके।
“हर वादा करेंगे पूरा”
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने जनता से जो भी वादे किए हैं, उन्हें एक-एक करके पूरा करेंगे। पहले सिर्फ बहाने मिलते थे, लेकिन अब दिल्ली में विकास होगा। हम संडे को भी काम कर रहे हैं, क्योंकि हमें दिल्ली का नया इतिहास लिखना है।”
यह भी पढ़ें: Delhi: दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने के बाद महिलाओं को 2500 रुपये देने की योजना पर बड़ा अपडेट
आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि CAG (कैग) हेल्थ रिपोर्ट पर सदन में चर्चा होगी। उन्होंने कहा, “अब तक सिर्फ दो रिपोर्ट सामने आई हैं, जिनमें भारी भ्रष्टाचार उजागर हुआ है। अभी 12 और रिपोर्ट आनी बाकी हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है।” उन्होंने विपक्ष से सार्थक चर्चा में सहयोग करने की अपील भी की।

