Delhi News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली सरकार महिला सम्मान योजना की शुरुआत कर सकती है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को वित्तीय सहायता दी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, 8 मार्च को न सिर्फ योजना का पंजीकरण शुरू होगा, बल्कि कुछ लाभार्थी महिलाओं के खातों में पहली किस्त के रूप में राशि भी ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
भाजपा के चुनावी वादे को पूरा करने की तैयारी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में महिला सम्मान योजना का वादा किया था। इसके तहत महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया था। सत्ता संभालने के बाद भाजपा सरकार इस योजना को तय समय पर लागू करने की कवायद में जुट गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहले ही इस योजना को लेकर वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुकी हैं, जिसमें पात्रता और नियमों पर चर्चा हुई थी।
8 मार्च को होगा बड़ा आयोजन
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दिल्ली सरकार महिला सम्मान योजना के लॉन्च के लिए 8 मार्च को एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। इस कार्यक्रम में भाजपा के शीर्ष नेता भी शामिल हो सकते हैं। इसके तहत अलग-अलग विधानसभाओं से महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। हालांकि, कुछ शर्तें भी तय की गई हैं:
01) करदाता महिलाएं इस योजना के तहत लाभ पाने की पात्र नहीं होंगी।
02) पहले से किसी सरकारी योजना के तहत आर्थिक लाभ या पेंशन पाने वाली महिलाओं को भी योजना से बाहर रखा जाएगा।
03) योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए महिलाओं को आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे, जिसके बाद सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

