Delhi News: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए अहम फैसला लिया है। नए नियम के तहत, 1 अप्रैल 2025 से 15 साल पुरानी गाड़ियों को पेट्रोल और डीजल मिलना पूरी तरह बंद हो जाएगा। सरकार इस फैसले को सख्ती से लागू करने के लिए कई अहम कदम उठा रही है।
प्रदूषण रोकने के लिए कड़े नियम
पर्यावरण मंत्री सिरसा ने अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक के बाद यह फैसला लिया। बैठक में प्रदूषण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा हुई और कई अहम निर्णय लिए गए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि 31 मार्च 2025 के बाद 15 साल से पुरानी गाड़ियों को दिल्ली के किसी भी पेट्रोल पंप से ईंधन नहीं मिलेगा।
इसके साथ ही, एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा जो पुरानी गाड़ियों की पहचान करेगी और उन्हें दिल्ली से बाहर निकालेगी। इसके अलावा, सभी पेट्रोल पंपों पर ऐसे गैजेट लगाए जाएंगे जो पुरानी गाड़ियों की पहचान कर सकें और उन्हें ईंधन देने से रोकें।
वृक्षारोपण अभियान और एंटी स्मॉग गन का प्रयोग
प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों के तहत, दिल्ली सरकार विशाल वृक्षारोपण अभियान भी शुरू करेगी, जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा। सिरसा ने कहा कि छात्रों को इस अभियान में भागीदारी का लाभ देने के लिए एक सर्टिफिकेट या नंबर सिस्टम लागू किया जाएगा।
इसके अलावा, सभी ऊंची इमारतों पर एंटी स्मॉग गन लगाना अनिवार्य कर दिया गया है ताकि हवा में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित किया जा सके। सरकार प्रदूषण कम करने के लिए लगातार नए कदम उठा रही है और इस दिशा में और भी कड़े नियम लाने की तैयारी कर रही है।

