Delhi News: दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने घोषणा की है कि 31 मार्च से 15 साल पुराने वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार ने इस दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक और पूर्व पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर पिछली सरकार ने कुछ नहीं किया, तो मौजूदा सरकार को बेहतर प्रदर्शन करके दिखाना चाहिए।
गोपाल राय का पलटवार
गोपाल राय ने कहा, “सिरसा ने मीडिया में कहा कि अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पिछली सरकार ने कोई काम नहीं किया। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि दिल्ली की जनता ने आपको सत्ता सौंपी है ताकि आप प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाएं। हम मान सकते हैं कि हम निकम्मे लोग हैं और हमने कुछ नहीं किया, लेकिन 2016 में दिल्ली में 109 दिन अच्छे (AQI स्तर बेहतर) थे, जबकि पिछले साल 209 दिन अच्छे रहे।”
दिल्ली में प्रदूषण रहित दिन बढ़ाए बीजेपी: गोपाल राय
पूर्व पर्यावरण मंत्री ने आगे कहा, “अगर पर्यावरण मंत्री अच्छा काम करना चाहते हैं, तो इस साल 209 से बढ़ाकर 309 अच्छे दिन बनाएं। हमने दिल्ली में रहते हुए 2,000 इलेक्ट्रिक बसें चलाईं, लेकिन बीजेपी शासित राज्यों में आज तक ऐसा नहीं हुआ। हम चाहते हैं कि वे इससे ज्यादा बसें दिल्ली में लाएं। हमने दिल्ली में 100 प्रतिशत प्रदूषित ईंधन पर चलने वाली इंडस्ट्री को शिफ्ट कर दिया, लेकिन बीजेपी शासित राज्यों में अभी भी ऐसी इंडस्ट्रीज चल रही हैं।”
यह भी पढ़ें: Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस ने 73 लाख की ठगी करने वाले मोहित को किया गिरफ्तार
ग्रीन बेल्ट बढ़ाने की अपील
गोपाल राय ने दिल्ली और केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि दिल्ली में डीजल बसों की आपूर्ति पर रोक लगनी चाहिए और अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमने दिल्ली में बिजली की गारंटी दी, जिससे जनरेटर के धुएं में कमी आई। हमने दिल्ली में ग्रीन बेल्ट को 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 23.6 प्रतिशत कर दिया। अब केंद्र और दिल्ली सरकार को मिलकर इसे 25 प्रतिशत तक बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए।”

