Delhi New CM: दिल्ली को लंबे इंतजार के बाद आज नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई आज शाम 7 बजे विधायक दल की बैठक आयोजित करेगी, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी। सूत्रों के मुताबिक, नए मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह 11 बजे रामलीला मैदान में अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगे।
भाजपा विधायक दल की बैठक आज शाम
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में होने वाली विधायक दल की बैठक की सूचना पार्टी ने मंगलवार दोपहर सभी विधायकों को दे दी थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण से पहले ही मंत्री पद संभालने वाले नेताओं के नामों की घोषणा कर दी जाएगी। दिल्ली में मुख्यमंत्री के साथ छह मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूरे दिन बैठकों का दौर चलता रहा। राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, विनोद तावड़े और संगठन महामंत्री बीएल संतोष सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
रामलीला मैदान बना भाजपा की रणनीति का केंद्र
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भाजपा ने रामलीला मैदान को चुना है, जो ऐतिहासिक रूप से अन्ना आंदोलन और ‘आप’ की राजनीतिक यात्रा का प्रमुख केंद्र रहा है। यही वह स्थान है, जहां आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल तीन बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं।
भाजपा इस समारोह के जरिए भ्रष्टाचार के मुद्दे को फिर से हवा देने की तैयारी में है। पार्टी ने इस चुनाव में भी भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बनाया था। पार्टी सूत्रों की मानें तो शपथ ग्रहण के लिए रामलीला मैदान और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के बीच चर्चा हुई, जिसके बाद रामलीला मैदान को प्राथमिकता दी गई।
‘बारात तैयार, दूल्हा गायब’ – आम आदमी पार्टी का तंज
मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा से पहले ही शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू करने को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर कटाक्ष किया है। दिल्ली ‘आप’ के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा, “बारात और मंडप तैयार है, लेकिन भाजपा का दूल्हा कौन होगा, यह किसी को नहीं पता।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अभी तक मुख्यमंत्री का नाम तय नहीं कर पाई है या फिर इसके पीछे कोई बड़ा रहस्य छिपा हुआ है।

