Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में बुधवार रात से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार रात को गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि यह बारिश का दौर लगातार तीन दिनों तक, यानी बुधवार रात से शुक्रवार तक जारी रहेगा।
तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना
आईएमडी के मुताबिक, 27 फरवरी की सुबह दिल्ली में हल्की धुंध छा सकती है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे, और गरज-चमक के साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है। शुक्रवार को भी दिल्ली में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।
तापमान में आएगी गिरावट
बारिश के कारण राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। 27 फरवरी को अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 28 फरवरी को अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad: मसूरी पुल के नीचे बस हादसा, कंडक्टर की लापरवाही से तीन की मौत, सात घायल
मार्च की शुरुआत में भी बादल छाए रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 1 मार्च को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 1 और 2 मार्च को अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, 3 और 4 मार्च को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

