Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, वहीं दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अनुभव किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 फरवरी को बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है।
रविवार को हल्का कोहरा, तेज हवाओं के साथ ठंडक
रविवार की सुबह दिल्ली में हल्का कोहरा छाया रहा। 9 फरवरी को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। रविवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके अलावा दिन के समय तेज ठंडी हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे ठंड का असर महसूस किया जा सकता है।
आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, 10 और 11 फरवरी को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में आंशिक गिरावट का अनुमान है। 11 फरवरी के बाद अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंच सकता है और 16 फरवरी तक यह 29 डिग्री को भी छू सकता है।
शनिवार को सामान्य से अधिक रहा तापमान
शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.8 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 69 प्रतिशत दर्ज किया गया।
एनसीआर में भी मिला-जुला मौसम, तेज हवाओं का असर
दिल्ली एनसीआर के गुरुग्राम और फरीदाबाद में शुक्रवार को तापमान क्रमशः 10 डिग्री और 12 डिग्री सेल्सियस रहा। गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में शनिवार को तेज हवाएं चलीं, लेकिन तापमान सामान्य रहा। इन दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
तेज हवाओं के थमने के बाद तापमान में वृद्धि की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, जैसे ही तेज हवाओं का दौर थमेगा, दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। फिलहाल, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली के मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।