Delhi: राजधानी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल पार्क में हुए नाबालिग लड़के की निर्मम हत्या के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया है। इस मामले में तीन नाबालिगों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी मृतक के जानकार थे और पहले एक ही गैंग से जुड़े हुए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पत्थर, ईंट के टुकड़े और ब्लेड बरामद कर लिए हैं।
रक्तरंजित हालत में मिला शव
घटना 16 मई की रात लगभग 11:30 बजे की है। जब गश्त पर निकले कांस्टेबल विपिन सेंट्रल पार्क पहुंचे तो उन्होंने पार्क की बेंच और रास्ते के बीच एक किशोर को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत थाना सीलमपुर को दी गई। पुलिस टीम ने घायल को जेपीसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर एफएसएल और क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी से खुला राज
डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि आरोपियों की पहचान फैज और राहिल के रूप में हुई है, जबकि तीन अन्य आरोपी नाबालिग हैं, जिनकी उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। एसीपी विक्रमजीत सिंह विर्क के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर दो आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर बाकी तीन आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी आरोपी पहले एक ही गैंग के सदस्य थे। मृतक भी इसी गैंग का हिस्सा था, लेकिन हाल ही में वह एक अन्य गिरोह से जुड़ गया, जिससे उसके पुराने साथियों से रंजिश बढ़ गई। इसी कारण उसे सेंट्रल पार्क में बुलाकर पत्थर, ईंट और ब्लेड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया।
हत्या के बाद फरार हो गए थे आरोपी
पुलिस (Delhi) के अनुसार, हत्या को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। लेकिन सघन जांच और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से उनकी तलाश कर गिरफ्तारी कर ली गई। यह मामला दिल्ली में बढ़ते नाबालिगों के गैंग कल्चर की गंभीर तस्वीर पेश करता है, जहां किशोर आपसी झगड़ों और गैंग वफादारी के चलते हत्या जैसे जघन्य अपराधों में शामिल हो रहे हैं। पुलिस अब इस गैंग नेटवर्क के विस्तार और अन्य संभावित आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

