Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। आज यानी शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की गिरफ्तारी मामले में अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी है। हालांकि, उन्हें अभी भी जेल में ही रहना होगा। राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 25 जुलाई तक बढ़ा दी है। आज उनकी न्यायिक हिरासत अवधि समाप्त होने के बाद सीबीआई ने उन्हें कोर्ट में पेश किया।
सीबीआई ने केजरीवाल को 26 जून को गिरफ्तार किया था। सीबीआई शराब घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले की जांच कर रही है। इससे पहले आज ही सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी थी। खास बात यह है कि यह राहत ईडी से जुड़े मामले में दी गई है, जबकि वह फिलहाल सीबीआई की हिरासत में हैं। इसलिए, उन्हें अभी भी जेल में ही रहना होगा।
अदालत ने याचिका को बड़ी पीठ को भेजा
इससे पहले 17 मई को बेंच ने केजरीवाल की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने ईडी द्वारा उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर आज यानी शुक्रवार को सुनवाई की। याचिका में दिल्ली में कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा उनकी गिरफ्तारी को चुनौती दी गई थी। अदालत ने इस याचिका को बड़ी पीठ को भेज दिया है।

