Delhi: दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आज पहले सत्र की शुरुआत हुई। इस सत्र में सभी नव-निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जा रही है। खास बात यह रही कि दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने अंदाज से यह संकेत दे दिया कि उनकी सरकार किस तरह काम करेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हल्के क्रीम रंग की साड़ी पहने और माथे पर तिलक लगाए सदन में पहुंचीं। इससे पहले वह झंडेवालान मंदिर जाकर मां शेरावाली के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सदन में आईं। विधानसभा में पहुंचते ही उन्होंने शपथ ग्रहण की और इसके बाद उनकी एक सहज पहल ने सरकार के आगामी रुख को स्पष्ट कर दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात, प्रोटेम स्पीकर का सम्मान
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पोडियम से गुजरते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा से मिलीं। इसके साथ ही, उन्होंने प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली को हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। सदन में अपनी सीट की ओर बढ़ते हुए उन्होंने वहां मौजूद सभी लोगों का अभिवादन भी किया।
नेता प्रतिपक्ष आतिशी से मुलाकात, बदला सत्र का माहौल
जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपनी सीट की ओर बढ़ रही थीं, तभी उनकी नजर नेता प्रतिपक्ष आतिशी पर पड़ी। आतिशी ने मुख्यमंत्री को देखते ही अपनी सीट से खड़े होकर उनका अभिवादन किया और उनसे हाथ मिलाया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कुछ क्षणों के लिए बातचीत भी हुई।
रेखा गुप्ता के हावभाव और बॉडी लैंग्वेज से यह साफ झलक रहा था कि वह सदन में मजबूत नेतृत्व देने के मूड में हैं। उनके आत्मविश्वास और व्यवहार से यह स्पष्ट हो गया कि आगामी पांच सालों में सरकार किस दिशा में काम करेगी।
ये भी पढें..
दिल्ली विधानसभा में नई सरकार की झलक
इस मुलाकात के दौरान रेखा गुप्ता के चेहरे पर आत्मविश्वास झलक रहा था, जबकि आतिशी का रुख सौहार्दपूर्ण था। राजनीतिक गलियारों में इस बातचीत के मायने तलाशे जा रहे हैं। क्या यह भविष्य के लिए सौहार्दपूर्ण राजनीति का संकेत है या आने वाले दिनों में सदन में जोरदार बहस देखने को मिलेगी, यह वक्त ही बताएगा।

