Delhi Election Result 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 27 वर्षों बाद सत्ता में वापसी की है। इस बड़ी जीत के बाद पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने आगे की रणनीति तय करने के लिए बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह आज सुबह 11 बजे एक अहम बैठक करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार, संभावित मंत्रियों और सरकार की भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री पद के लिए कई दावेदार
दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री पद के लिए कई नामों पर विचार किया जा रहा है। इस दौड़ में सबसे आगे प्रवेश वर्मा का नाम है, जिन्होंने नई दिल्ली सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराकर बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा इस बार किसी बड़े और नए चेहरे को मुख्यमंत्री बना सकती है, ऐसे में प्रवेश वर्मा को मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
महिला और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर भी फोकस
भाजपा दिल्ली सरकार में महिला नेतृत्व को भी स्थान दे सकती है। रेखा गुप्ता का नाम इस संदर्भ में चर्चा में है और उन्हें नई सरकार में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सचदेवा भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। उन्होंने दिल्ली में भाजपा के लंबे वनवास को समाप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे उनका नाम भी मजबूत दावेदारों में गिना जा रहा है।
अगर भाजपा सिख समुदाय को प्रतिनिधित्व देना चाहे, तो मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम भी संभावित विकल्पों में शामिल है। वहीं पूर्वांचल के वोटरों को साधने के लिए कपिल मिश्रा को मंत्री पद दिया जा सकता है, जिससे जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखा जा सके।
आज दिनभर चलेगी बैठकों का दौर
भाजपा की शानदार जीत के बाद आज दिनभर बैठकों का दौर जारी रहेगा। पार्टी नेतृत्व जल्द ही अंतिम फैसला ले सकता है और दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो सकती है। इस बार भाजपा ने खुद को दिल्ली में जनता के सामने एक नए विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया है, और अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि दिल्ली की कमान किसके हाथ में जाएगी। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी, और जल्द ही दिल्ली को उसका नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा।