Delhi : राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और संभावित लू के प्रकोप को देखते हुए दिल्ली सरकार ने हीट एक्शन प्लान जारी कर दिया है। रविवार को जहां दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में इस प्लान को लॉन्च किया।
जल आपूर्ति की व्यवस्था
जगह-जगह पीने के पानी की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी, खासकर सार्वजनिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में।
GPS से लैस वॉटर टैंकर लॉन्च किए गए हैं ताकि जल संकट झेल रहे इलाकों में पानी की पारदर्शी और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बस स्टॉप्स और सार्वजनिक स्थानों पर छांव का इंतजाम
- दिल्ली के तमाम बस शेल्टर्स पर धूप से बचाव के लिए छांव की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
- मिस्ट स्प्रे तकनीक से लैस इलेक्ट्रिक पोल को दोबारा एक्टिव किया जाएगा ताकि वहां से गुजरने वाले लोगों को थोड़ी राहत मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत
- सभी सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के लिए विशेष वार्ड बनाए जाएंगे।
- डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को गर्मी से संबंधित बीमारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण देने की योजना पर भी काम चल रहा है।
बेघर लोगों के लिए राहत
- रैन बसेरों में पंखे और कूलर की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
- जरूरतमंदों को गर्मी से राहत देने वाली बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
हाल ही में हुई हल्की बारिश और आंधी (Delhi) के बाद राहत का दौर खत्म हो गया है और राजधानी एक बार फिर भीषण गर्मी की चपेट में आ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान आने वाले कुछ दिनों में और बढ़ेगा।
हालांकि लू की स्थिति आधिकारिक रूप से तब मानी जाती है जब तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो, लेकिन दिल्ली सरकार ने इससे पहले ही एहतियातन कदम उठाने का फैसला किया है ।

