पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। घटना के बाद युवक कार में ही शव को छोड़कर भगाने के फिराक ने था लेकिन वो पुलिस की गिरफ्त मे आ गया। फिर पुलिस की पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय गौतम ने अपनी पत्नी मान्या की चाकू घोंपकर हत्या कर दी और शव को कार में ही छोड़ दिया। फिर कार को लाल बत्ती के पास छोड़कर भाग रहे आरोपी को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह गश्त कर रहे एक पुलिस अधिकारी की नजर में आने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक ख्याला थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अजय ने गौतम को रात करीब 1:20 बजे संदिग्ध रूप से बिना शर्ट के घूमते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपनी पत्नी मान्या (20) की हत्या कर दी थी और शव को कार में ही छोड़ दिया था। ज्ञात हो कि रघुबीर नगर निवासी गौतम ने खुलासा किया कि उसने अपने परिवारों की सहमति के बिना मार्च में मान्या से शादी की थी। शादी के बावजूद वे अपने-अपने परिवारों के साथ रहते रहे और कभी-कभार मिलते रहे। रविवार की रात गौतम मान्या से मिलने राजौरी गार्डन के तितारपुर इलाके में गया। जहां रात 11 बजे के आसपास दोनों में एक साथ रहने को लेकर कार में बहस हुई। जिसके बाद गौतम ने अपनी पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।
युवक ने चाकू घोंपकर किया पत्नी की हत्या
पुलिस के पूछताछ में गौतम ने बताया कि झगड़े के दौरान उसने मान्या को बार-बार चाकू घोंपा। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद जब उसे एहसास हुआ कि वह मर चुकी है, तो उसने शिवाजी कॉलेज की लाल बत्ती के पास कार खड़ी कर दी और भागने की कोशिश की। लेकिन हेड कांस्टेबल अजय ने उसे पकड़ लिया। घटना को लेकर राजौरी गार्डन पुलिस स्टेशन ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी द्वारा बताए गए तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

