Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में पुलिस ने मंगलवार को 30 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उस पर अपने घर में किराए पर रहने वाली लड़की के बेडरूम से लेकर बाथरूम तक में हिडन कैमरा लगाकर उसकी हरकतों को गुप्त रूप से रिकॉर्ड करने का आरोप है। पीड़िता सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही थी और पिछले कुछ महीनों से यहीं रह रही थी। शहर छोड़ने से पहले उसने मकान की चाबियां मकान मालिक के बेटे करण को दे दी थीं।
ऐसे हुआ खुलासा
घटना तब प्रकाश में आई जब पीड़िता ने अपने व्हाट्सएप पर संदिग्ध गतिविधि देखी। डीसीपी अपूर्वा गुप्ता ने बताया, “उसने पाया कि उसका व्हाट्सएप अकाउंट किसी अज्ञात लैपटॉप में लॉग इन था। उसने तुरंत इस डिवाइस से लॉग आउट कर दिया।” शक बढ़ने पर उसने घर की तलाशी ली और बाथरूम के लाइट बल्ब होल्डर में एक हिडन कैमरा पाया। इसके बाद उसने सोमवार को पीसीआर को फोन किया। घर की तलाशी लेने पर पुलिस को बेडरूम के लाइट बल्ब होल्डर में एक और कैमरा छिपा हुआ मिला।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब भी वह शहर से बाहर जाती थी तो वह चाबियां करण को दे देती थी, जो उसी बिल्डिंग में दूसरी मंजिल पर रहता था। पूछताछ के दौरान करण ने कबूल किया कि उसने तीन महीने पहले कैमरे लगवाए थे, जब किराएदार उत्तर प्रदेश में अपने गृहनगर गया हुआ था। मौके का फायदा उठाकर उसने तीन जासूसी कैमरे खरीदे, जिनमें से एक बाथरूम में और दूसरा बेडरूम में लगाया।
बीएनस की धाराओं में मामला दर्ज
इन कैमरों को ऑनलाइन ऑपरेट नहीं किया जा सकता था। वीडियो कैमरों के अंदर मेमोरी कार्ड में स्टोर किए गए थे। पीड़िता ने बताया कि करण अक्सर कमरे में मरम्मत करने के बहाने चाबियाँ माँगता था, ताकि वह वीडियो को अपने लैपटॉप में ट्रांसफर कर सके। जाँच के दौरान तीसरा कैमरा और दो लैपटॉप बरामद किए गए। वह इन लैपटॉप में रिकॉर्ड किए गए वीडियो को स्टोर करता था।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad: सिहानीगेट थानाक्षेत्र में हत्या का सनसनीखेज खुलासा, आत्महत्या नहीं, थी योजनाबद्ध हत्या
बीएनस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रेजुएट करण पिछले सात सालों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।

