Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस ने लाखों की ठगी करने वाले वांटेड ठग मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अलीपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज ठगी के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ BNS की धारा 84 के तहत कोर्ट द्वारा कार्रवाई की प्रक्रिया जारी की गई थी।
73 लाख रुपये की ठगी कर हुआ था फरार
मोहित ने शिकायतकर्ता से 73 लाख रुपये की ठगी कर फरार हो गया था। पुलिस की टीम ने 37 वर्षीय मोहित, निवासी शास्त्री कॉलोनी, सोनीपत, हरियाणा को गिरफ्तार किया। वह FIR नंबर 602/2024, दिनांक 26/09/2024 के तहत धारा 318(4)/336(3)/338/340(2) BNS में वांछित था और मामला दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था।
कैसे हुआ खुलासा?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 5 जून 2024 को श्री राम निवास ने अलीपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहित ने गांव सिंधु, दिल्ली में फर्जी प्लॉट बेचने का झांसा देकर 73 लाख रुपये की ठगी की। जांच के दौरान, 9 जनवरी 2025 को आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा। इसके बाद, 20 फरवरी 2025 को कोर्ट ने BNS की धारा 84 के तहत उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस की मजबूत रणनीति से गिरफ्त में आया आरोपी
दिल्ली पुलिस अपराध शाखा लगातार वांछित अपराधियों पर नजर रख रही थी। बाहरी-उत्तर जिले में अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी के दौरान, एनआर-II टीम को मोहित के अलीपुर ठगी मामले में शामिल होने और फरार होने की जानकारी मिली।
तकनीकी निगरानी और लोकल इंटेलिजेंस के जरिए हरियाणा के उचाना मंडी, जींद में उसकी लोकेशन का पता चला। इसके बाद, दिल्ली पुलिस ने विशेष टीम बनाकर छापेमारी की और निर्धारित स्थान पर मोहित को गिरफ्तार कर लिया।
कौन है आरोपी मोहित?
पुलिस पूछताछ में मोहित ने बताया कि वह सोनीपत, हरियाणा में पैदा हुआ और वहीं बड़ा हुआ। उसने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की और प्रॉपर्टी डीलर के रूप में काम करने लगा। हालांकि, प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में वह ठगी करने लगा और कई लोगों को धोखा देकर लाखों रुपये ऐंठता रहा।

