Delhi Chhath News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस बार दिल्ली में छठ पूजा बहुत ही भव्य तरीके से मनाई जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि सरकार ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है और राजधानी में रहने वाले हर छठ व्रती को इस बार बेहतरीन सुविधा दी जाएगी।
रेखा गुप्ता ने बताया कि पहले की सरकार ने यमुना घाट पर छठ पूजा करने पर रोक लगा दी थी, लेकिन उनकी सरकार ने अब इस रोक को हटा दिया है। यानी अब यमुना किनारे एक बार फिर से छठ पूजा हो सकेगी। उन्होंने बताया कि पल्ला से लेकर कालिंदी कुंज तक कुल 17 जगहों पर मॉडल छठ घाट बनाए जा रहे हैं, जहां लोग आराम से पूजा कर सकें।
1000 से ज्यादा जगहों पर होगी छठ पूजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार 1000 से भी ज्यादा जगहों पर छठ पूजा करने के लिए आवेदन आ चुके हैं, जबकि पिछले साल ये संख्या 929 थी। इन सभी जगहों पर सरकार की तरफ से जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी।
क्या-क्या किए गए इंतजाम
रेखा गुप्ता ने बताया कि हर जिले में कम से कम एक मॉडल छठ घाट बनाया जाएगा। घाटों पर स्वागत गेट लगाए जाएंगे, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, और सुबह अर्घ्य देने वालों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था भी सरकार करेगी। इसके अलावा मेडिकल सुविधाएं भी मौजूद रहेंगी ताकि किसी को कोई दिक्कत ना हो।
पुराना केस भी होगा खत्म
मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि 2021 में जिन लोगों पर यमुना किनारे छठ पूजा करने को लेकर केस दर्ज हुआ था, यानी जिन पर धारा 188 के तहत मामला चला था, उनकी सरकार वह केस वापस लेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रेखा गुप्ता ने यह भी बताया कि इस साल दिल्ली में दिवाली जोर-शोर से मनाई गई, पटाखे भी फोड़े गए, लेकिन इसके बावजूद प्रदूषण का स्तर कम रहा। उन्होंने कहा कि यह उनकी सरकार की बेहतर योजना और काम का नतीजा है।
ये भी देखें : CM Yogi Diwali Gift 2025: दीपावली के मौके पर CM Yogi का जनता को बड़ा तोहफा
ये भी पढ़ें : Bihar Election 2025: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का बयान, कहा – ”बिहार चुनाव में NDA जीत की ओर! ”

