Delhi Assembly: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि 24 और 25 अगस्त को दिल्ली विधानसभा परिसर में एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम भारत के पहले निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष वीर विट्ठल भाई पटेल के निर्वाचन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दिल्ली में एकत्र होंगे। विधानसभा परिसर में ऑल इंडिया स्पीकर कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश भर से आए स्पीकर्स लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, विधानसभाओं की भूमिका और उनकी चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
इस आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एक विशेष डाक टिकट भी जारी करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, केंद्रीय मंत्री और विधायक भी आमंत्रित किए गए हैं।
चार प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा
स्पीकर कॉन्फ्रेंस के दौरान चार प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इसमें भारत को लोकतंत्र की जननी के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा और स्वतंत्रता संग्राम में विधायिका की भूमिका पर प्रकाश डाला जाएगा। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से विधानसभाओं में संभावित सुधारों पर भी विचार किया जाएगा। इन सत्रों में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कानून मंत्री किरण रिजिजू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और सांसद प्रवेश साहिब सिंह जैसे नेता भाग लेंगे।
विधानसभा परिसर में इस मौके पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें दिल्ली विधानसभा का इतिहास दिखाया जाएगा। इसके साथ ही एक डॉक्यूमेंट्री भी तैयार की गई है, जिसमें रॉलेट एक्ट और साइमन कमीशन के विरोध में हुई घटनाओं को दर्शाया गया है। बताया गया कि महात्मा गांधी ने भी उस समय दिल्ली विधानसभा में रॉलेट एक्ट के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की थी। इस डॉक्यूमेंट्री का उद्घाटन उपराज्यपाल द्वारा किया जाएगा।
25 अगस्त को समापन डिनर आयोजित
24 अगस्त को लोकसभा अध्यक्ष अतिथियों के लिए स्वागत डिनर की मेजबानी करेंगे और 25 अगस्त को उपराज्यपाल राजनिवास में समापन डिनर आयोजित करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी बताया कि वे एक नई गैलरी बनाने जा रहे हैं, जिसमें 1911 से अब तक दिल्ली विधानसभा के इतिहास को दिखाया जाएगा। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले फर्जी फांसी घर दिखाया गया था, जबकि अब असली इतिहास को उजागर किया जाएगा।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि उन्होंने 24 फरवरी को विधानसभा अध्यक्ष पद की शपथ ली थी और ठीक छह महीने बाद, 24 अगस्त को वे दिल्ली की लोकतांत्रिक विरासत और विकास को समर्पित इस आयोजन का हिस्सा बनने जा रहे हैं। उनका मानना है कि जब हम अपने अतीत को जानेंगे, तभी भविष्य को मजबूत बना पाएंगे। यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि लोकतंत्र के मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक अहम कदम होगा।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने लिया ब्रेक! लगातार तीसरे दिन बारिश नदारद, तापमान ने तोड़े अगस्त के रिकॉर्ड
ये भी देखें : दिल्ली विधानसभा में मंजिंदर सिंह सिरसा की किस बात पर CM रेखा गुप्ता ने जताई आपत्ति