Delhi Assembly Speaker:दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार बनने के बाद पहला विधानसभा सत्र चल रहा है। इस सत्र में नई विधानसभा के स्पीकर का चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सदन में रखा।
स्पीकर बने विजेंद्र गुप्ता, विपक्ष ने जताई आपत्ति
स्पीकर पद के लिए विजेंद्र गुप्ता के चुने जाने के बाद नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने उन्हें हाथ मिलाकर बधाई दी। हालांकि, इसके बाद सदन में हंगामे का माहौल बन गया। आतिशी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से डॉ. भीमराव आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गई हैं। उन्होंने इस मुद्दे को सदन में जोर-शोर से उठाया।
विजेंद्र गुप्ता की प्रतिक्रिया
आतिशी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने कहा, “यह एक शिष्टाचार संबोधन था, इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए था। मैं विपक्ष के इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। सदन में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
यह भी पढ़ें: Delhi: दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र, शपथ ग्रहण में दिखा सीएम रेखा गुप्ता का नया अंदाज
विधानसभा सत्र और स्पीकर चुनाव की प्रक्रिया
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने जानकारी दी कि विधानसभा सत्र के दौरान सभी विधायकों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम पूरा हो चुका है। दोपहर 2 बजे स्पीकर का चुनाव संपन्न हुआ, जिसके तुरंत बाद विजेंद्र गुप्ता के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी गई।
कौन हैं विजेंद्र गुप्ता?
61 वर्षीय विजेंद्र गुप्ता रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के विधायक हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी और दिल्ली विश्वविद्यालय में उपाध्यक्ष पद भी संभाला था। वे पहले नगर निगम में पार्षद रह चुके हैं और बाद में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। अब वे दिल्ली विधानसभा के नए स्पीकर के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

