Delhi Airport: दिल्ली एयरपोर्ट पर पिछले दो दिनों से चल रही उड़ान सेवाओं में गड़बड़ी अब धीरे-धीरे ठीक हो रही है। गुरुवार शाम को आई बड़ी तकनीकी खराबी के बाद शनिवार को हालात सामान्य होते नजर आए। अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार को कुल 129 उड़ानें (53 आगमन और 76 प्रस्थान) देरी से चल रही हैं, जबकि शुक्रवार को करीब 800 उड़ानें प्रभावित हुई थीं।
गुरुवार शाम को दिल्ली एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी। दिक्कत ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में आई ये सिस्टम उड़ानों की योजना (फ्लाइट प्लानिंग) से जुड़ा एक अहम हिस्सा है।
जब सिस्टम फेल हुआ, तो उड़ानों से जुड़े संदेश और डेटा अपने आप कंट्रोल टावर तक नहीं पहुंच रहे थे। नतीजा ये हुआ कि एयरलाइंस को मैन्युअल तरीके से उड़ान योजनाएं बनानी पड़ीं।
शुक्रवार को मचा हंगामा
तकनीकी खराबी के बाद गुरुवार रात से शुक्रवार तक दिल्ली एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।
• गुरुवार रात लगभग 500 उड़ानें देरी से चलीं।
• शुक्रवार को करीब 800 उड़ानें देर से रवाना या लैंड हुईं।
कई यात्रियों को विमान में ही लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। औसतन उड़ानों में 45 मिनट से 1 घंटे तक की देरी हो रही थी।
साथ ही, पार्किंग बे सीमित होने के कारण आने वाली उड़ानों को भी इंतजार करना पड़ा और हवाई क्षेत्र में भीड़ बढ़ गई।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने कहा कि यह सिर्फ एक तकनीकी समस्या थी और किसी उड़ान की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा।
जो विमान पहले से हवा में थे, वे सामान्य रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच गए। दिक्कत सिर्फ उड़ान से पहले की योजना और डेटा प्रक्रिया में आई थी।
पहले ही दी गई थी चेतावनी
दिल्ली एयरपोर्ट की इस समस्या को टाला जा सकता था, अगर सिस्टम को समय रहते अपग्रेड किया गया होता।
एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने जुलाई में ही चेतावनी दी थी कि दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े एयरपोर्ट्स के सिस्टम धीमेपन और तकनीकी दिक्कतों से जूझ रहे हैं, जो कामकाज और सुरक्षा दोनों पर असर डाल सकते हैं।
अब क्या है स्थिति?
शनिवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट की तरफ से बयान जारी किया गया कि – “AMSS से जुड़ी तकनीकी समस्या अब ठीक हो रही है। एयरलाइन संचालन सामान्य हो रहा है और सभी अधिकारी यात्रियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए काम कर रहे हैं।”
इंडिगो एयरलाइंस ने भी कहा कि ATC सिस्टम की खराबी अब दूर कर दी गई है, और उड़ानें धीरे-धीरे सामान्य रफ्तार पकड़ रही हैं। अगले कुछ घंटों में स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है, हालांकि तब तक कुछ उड़ानों के समय में थोड़ा बदलाव रह सकता है।
दिल्ली एयरपोर्ट की उड़ान सेवाएं अब लगभग सामान्य हो चुकी हैं। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी उड़ान की ताज़ा जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क में बने रहें।
ये भी देखें: Pawan Singh News: ”15 साल पहले और आज का बिहार….”—खेसारी के बयान पर पवन सिंह का पलटवार!

