Delhi: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनने के साथ ही महिलाओं के लिए चलाई जाने वाली महिला समृद्धि योजना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी ने वादा किया था कि अगर पार्टी सत्ता में आई तो दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
महिला दिवस पर मिलेगी खुशखबरी
चुनाव में बीजेपी को बड़ी जीत मिली और रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद मीडिया ने महिला समृद्धि योजना को लेकर उनसे सवाल किए। अपने इंटरव्यू में मुख्यमंत्री ने 8 मार्च, यानी महिला दिवस पर खुशखबरी देने की बात कही थी। इस बयान के बाद दिल्ली की महिलाओं को उम्मीद थी कि 8 मार्च को उनके खातों में 2500 रुपये आ जाएंगे, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट हो गई है।
8 मार्च से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि महिला दिवस के मौके पर इस योजना की शुरुआत की जाएगी। इसका मतलब यह है कि 8 मार्च से महिलाओं के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि महिलाओं को आवेदन के लिए किन-किन दस्तावेजों की जरूरत होगी।
आप का बीजेपी पर हमला, मनोज तिवारी का जवाब
दिल्ली की सत्ता से बाहर हुई आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार इस योजना को लेकर सवाल उठा रही थी। आप का आरोप था कि बीजेपी इस वादे को पूरा नहीं करेगी। इसी बीच बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने स्पष्ट किया कि 8 मार्च से इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू होगी।
ये भी पढें..
Delhi News: दिल्ली में 15 साल पुराने वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, गोपाल राय का बीजेपी पर पलटवार
किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?
फिलहाल, सरकार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि रजिस्ट्रेशन के लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। हालांकि, यह तय माना जा रहा है कि दिल्ली की महिलाओं के पास दिल्ली का वोटर कार्ड या आधार कार्ड होना अनिवार्य होगा।
दिल्ली की महिलाएं अब 8 मार्च का इंतजार कर रही हैं, जब सरकार की तरफ से इस योजना को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

