Delhi Accident: राजधानी दिल्ली (Delhi) के धौला कुआं इलाके में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में वित्त मंत्रालय (Finance Ministry) के डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों अपनी बाइक से बंगला साहिब गुरुद्वारा से घर लौट रहे थे।
हादसे का चश्मदीद ब्योरा
घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी (Eyewitness) ने बताया कि BMW कार एक महिला चला रही थी और उसके साथ उसका पति भी मौजूद था। तेज रफ्तार कार ने नवजोत सिंह की बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बस से जा भिड़ी। इसके बाद नवजोत सिंह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से सड़क पर गिर पड़े।
मदद की कोशिश लेकिन बच न सके नवजोत सिंह
चश्मदीदों के अनुसार, हादसा करने वाली BMW में सवार महिला और उसका पति घायलों को टैक्सी से अस्पताल लेकर गए। हालांकि डॉक्टरों ने नवजोत सिंह को बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
परिवार ने उठाए सवाल
पीड़ित परिवार का कहना है कि हादसे के बाद नवजोत सिंह को नजदीकी अस्पताल ले जाने की बजाय 17 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर स्थित न्यूलाईफ अस्पताल पहुंचाया गया। परिवार का आरोप है कि अगर उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया जाता, तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
एक जिम्मेदार अफसर
हादसे के बाद पुलिस ने BMW कार को कब्जे में ले लिया है। क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसा करने वाला दंपति गुरुग्राम (Gurugram) का रहने वाला है और फिलहाल खुद भी अस्पताल में भर्ती है। मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद गवाहों के आधार पर की जा रही है।
पुलिस की जांच जारी
मृतक नवजोत सिंह, दिल्ली के हरि नगर इलाके के रहने वाले थे और वित्त मंत्रालय, नॉर्थ ब्लॉक में बतौर Deputy Secretary अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार और मंत्रालय दोनों में गहरा शोक है।
बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता
दिल्ली में इस तरह के सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग की गंभीरता को सामने लाती है।
ये भी पढ़ें : Amroha News: अमरोहा में अवैध होर्डिंग्स और अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, बड़ी संख्या में बैनर-जप्त
ये भी देखें : समाज में शांति बनाए रखने की अपील, मदनी के बयान पर शंकराचार्य की दो टूक

