Delhi: राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कॉलेज की लाइब्रेरी में अचानक आग लग गई। यह कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध है और शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में से एक माना जाता है।
सुबह 8:55 बजे लगी आग, 11 दमकल गाड़ियां मौके पर
दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) के मुताबिक, आग की सूचना उन्हें सुबह 8:55 बजे मिली। तुरंत कार्रवाई करते हुए विभाग ने मौके पर 11 फायर टेंडर रवाना किए। आग इतनी तेजी से फैली कि कॉलेज की पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल तक इसकी लपटें पहुंच गईं।
दमकल कर्मियों ने लगातार कोशिश करते हुए सुबह करीब 9:40 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया, जो अभी जारी है। आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कॉलेज की खिड़कियों से आग की लपटें और काले धुएं के गुबार निकलते वीडियो में देखे गए। सौभाग्य से, हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। कॉलेज में उस समय छात्रों की संख्या सीमित थी, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
लगातार आग की घटनाओं से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही दिल्ली के उत्तम नगर स्थित बीएम गुप्ता हॉस्पिटल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। उस हादसे में भी आग ने हॉस्पिटल की दूसरी और तीसरी मंजिल को चपेट में ले लिया था, जहां मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन और डेंटल यूनिट स्थित थे। हालांकि, उस हादसे में भी कोई हताहत नहीं हुआ था।
जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार (Delhi) हो रही आग की घटनाओं ने दिल्ली की सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज जैसे संवेदनशील शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपायों की समीक्षा और सख्त निगरानी की आवश्यकता अब और बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

