दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि 26 वर्षीय मोनिका नाम की महिला ने अपने मंगेतर नवीन कुमार के साथ मिलकर 16 अगस्त की रात अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात में नवीन का दोस्त भी शामिल था। फिर उसके बाद पुलिस को गुमराह करने कॉल कर बताया ।
क्या है पूरा मामला
द्वारका जिले के डीसीपी के मुताबिक 16 अगस्त को नजफगढ़ की एक महिला ने पीसीआर कंट्रोल रूम में फोन करके बताया कि उसकी मां दरवाजा नहीं खोल रही है और उसने पुलिस से मदद मांगी। कॉल के कुछ देर बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोन करने वाली महिला ने खुद को मोनिका बताया और घर के बाहर खड़ी मिली। उसने बताया कि वह काफी देर से दरवाजे पर खड़ी थी। उसकी मां न तो फोन उठा रही थी और न ही दरवाजा खोल रही थी। इसके बाद पुलिस ने मोनिका की मौजूदगी में जबरन दरवाजा खुलवाया। अंदर जो कुछ मिला वह भयानक था, घर अस्त-व्यस्त था, और सुमित्रा नाम की 58 वर्षीय महिला का शव फर्श पर पड़ा था, जिस पर कई चोटें, खरोंचें थीं और उसके मुंह से खून बह रहा था।
मामले के जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और अपनी जांच शुरू की। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर, पुलिस मोनिका, उसके मंगेतर नवीन कुमार और एक युवक को रात 2 बजे घर पर आते देखकर दंग रह गई। मोनिका और उसके मंगेतर नवीन कुमार, नवीन के दोस्त योगेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस फिलहाल इस जघन्य अपराध के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

