CUET UG 2025: देशभर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में स्नातक कोर्सों में दाखिले के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए राहत भरी खबर आई है। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG 2025) आयोजित कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा के पहले चरण के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। इन प्रवेश परीक्षाओं के जरिए दिल्ली विश्वविद्यालय, अंबेडकर विश्वविद्यालय और जामिया मिल्लिया इस्लामिया जैसे प्रमुख संस्थानों में दाखिला मिलेगा।
13 से 16 मई तक की परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी
एनटीए ने देर रात 13 से 16 मई के बीच होने वाली परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपना एडमिट कार्ड जल्द से जल्द डाउनलोड कर लें और परीक्षा केंद्र से जुड़ी सभी जानकारियों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। जिन छात्रों की परीक्षाएं 17 मई या उसके बाद निर्धारित हैं, उनके लिए एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे। सीयूईटी यूजी परीक्षा इस साल 3 जून तक आयोजित की जाएगी।
भारत-पाक तनाव से परीक्षाओं पर पड़ा असर
हाल के दिनों में भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव और सीमा पर संघर्ष की वजह से कई परीक्षाओं के आयोजन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। यहां तक कि सीयूईटी के साथ-साथ जेईई एडवांस और चार्टर्ड अकाउंटेंसी (आईसीएआई) परीक्षाओं के स्थगन की संभावना भी जताई जा रही थी। एनटीए ने शनिवार दोपहर को निर्णय लिया कि पंजाब, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़-मोहाली और राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में सीयूईटी की परीक्षाएं फिलहाल स्थगित रहेंगी। इन क्षेत्रों में सुरक्षा हालात को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। छात्रों को सूचित किया गया है कि इन क्षेत्रों में नई परीक्षा तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।
अन्य संस्थानों ने भी की परीक्षाएं स्थगित
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) ने 9 से 14 मई तक होने वाली अपनी परीक्षाएं पहले ही स्थगित कर दी थीं। वहीं, जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने जम्मू-कश्मीर के छात्रों के लिए 10 और 11 मई को होने वाली प्रवेश परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय ने यह कदम इसलिए उठाया ताकि राज्य में मौजूदा हालातों के चलते छात्रों को परीक्षा देने में असुविधा न हो।
अब आगे क्या?
एनटीए (CUET UG 2025) के अनुसार, स्थिति सामान्य रहने पर परीक्षाएं निर्धारित समय पर ही होंगी और अन्य तारीखों के लिए एडमिट कार्ड समय पर जारी किए जाएंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नज़र बनाए रखें और किसी भी अफवाह से बचें।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

