क्रिकेट के भगवान के नाम से मशहूर मास्टर ब्लास्टर सचिन रमेश तेंदुलकर का आज 50वां जन्मदिन है। उनके 50वें जन्मदिन पर बीसीसीआई, आईसीसी से लेकर सभी क्रिकेटरों ने उन्हे 50वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी है।
बीसीसीआई ने तेंदुलकर को बधाई देते हुए कहा, “664 अंतरराष्ट्रीय मैच, 34,357 अंतरराष्ट्रीय रन, 201 अंतरराष्ट्रीय विकेट, 100 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने वाले एकमात्र क्रिकेटर, 2011 विश्व कप विजेता, महान और हमेशा-प्रेरणादायक सचिन तेंदुलकर को उनके 50वें जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
आईसीसी ने भी सचिन को शुभकामनाएं देते हुए ट्विटर पर अपनी कवर तस्वीर में उनकी फोटो लगाई। इसके अलावा आईसीसी ने ट्वीट करते हुए कहा, “सचिन तेंदुलकर के लिए एक और अर्धशतक, क्रिकेट के दिग्गज सचिन को उनके 50वें साल के लिए बधाई।”
विश्व कप 2011 विजेता भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह ने कहा, ” वह हमेशा एक टीम के साथी, एक दोस्त, एक संरक्षक और एक बड़े भाई के रूप में रहे हैं। आपको 50वें जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं और आगे अभी अगले 50 साल का और इंतजार है।”
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी अपने लंबे समय के साथी खिलाड़ी को मजाकिया अंदाज में बधाई दी। सहवाग ने ट्वीट किया, “मैदान पर जो आपने कहा, उसका उल्टा ही किया, तो आज आपके प्रतिष्ठित 50वें जन्मदिन पर तो आपको शीर्षासन करके विश करना ही था। जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं सचिन।”
2011 विश्व कप विजेता टीम में तेंदुलकर के साथी खिलाड़ी रहे सुरेश रैना ने ट्वीट करते हुए कहा, “50वां जन्मदिन मुबारक हो सचिन पाजी! खेल के प्रति आपके जुनून, कौशल और समर्पण ने हम सभी को प्रेरित किया है। आपके साथ खेलना और आपसे सीखना सम्मान की बात है। आपको स्वास्थ्य, खुशी और कई और वर्षों की महानता की कामना!”
सचिन के अंतरराष्ट्रीय रिकार्डस
बता दें कि 664 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 48.52 की औसत से 34,357 रन के साथ, सचिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 100 शतक और 164 अर्धशतक बनाए हैं। शतकों का शतक लगाने वाले वे इकलौते खिलाड़ी हैं।
वनडे में 18,426 रन और टेस्ट में 15,921 रन के साथ, सचिन के दोनों प्रारूपों में भी सबसे ज्यादा रन हैं। वह एकदिवसीय दोहरा शतक लगाने वाले और 200 टेस्ट मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी हैं। वह 2011 में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं।
सचिन ने छह आईपीएल (सभी मुंबई इंडियंस के लिए) सीजन खेले हैं, जहां उन्होंने 78 मैचों में 34.84 की औसत से कुल 2334 रन बनाए हैं। सचिन ने 119.82 के स्ट्राइक रेट के साथ 29 छक्के और 295 चौकों के साथ 13 अर्धशतक और एक शतक लगाया है। वह आईपीएल 2013 संस्करण का खिताब जीतने वाली मुंबई टीम का हिस्सा थे।

