उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में 11 मई को नगर निकाय चुनाव की वोटिंग है और 13 मई को रिजल्ट आएगा। इससे पहले ही यहां चार बार के सभासद रमेश सिंह टिन्नू निर्विरोध चुन लिए गए हैं। उन्हें यह जीत भाजपा के चुनाव चिन्ह पर मिली है। जिले के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी को निर्विरोध चुना गया हो।
बता दें कि अपनी जीत को लेकर सभासद रमेश सिंह टिन्नू ने कहा कि हमारे कामों का,हमारे व्यवहार का, हमारे साथियों का,हमारे वॉर्ड की जनता का प्यार हमारे साथ रहा। जिसकी वजह से कोई मेरे खिलाफ लड़ने को नहीं सोचा। टिन्नू ने कहा कि,उन लोगों ने कहा यही हैं तो यही रहें जब कोई दिक्कत होगी तो देखा जाएगा। बता दें कि टिन्नू लंबे समय तक समाजवादी पार्टी में रहे, विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। ऐसे में वोटर को अपने पक्ष में करना आसान नहीं था। इस पर उन्होंने कहा कि लोगों को मैने विश्ववास में लिया। ये मेरी अच्छाई है मैं किसी को धोखा देकर इधर-उधर नहीं करता।
गौरतलब है कि रमेश सिंह टिन्नू स्व हरिपाल सिंह के पुत्र हैं। वे मूल रूप से धम्मौर थानाक्षेत्र के नूरपुर के निवासी हैं। शहर में वे सीताकुंड मोहल्ले में रहते हैं। सिविल लाइन वॉर्ड नंबर 7 के वे पहली बार वर्ष 2000 में सभासद चुने गए। 2007 में उनकी पत्नी मंजू सिंह, 2012 में वे स्वयं और 2017 में उनकी पत्नी सभासद हुई। इस बार वे निर्विरोध चुन लिए गए हैं। उनके वार्ड में करीब 3600 वोटर हैं। सीताकुंड घाट, कलेक्ट्रेट, तहसील, विकास भवन, एसपी आफिस, डाकघर, दीवानी न्यायालय, नगर कोतवाली जैसे एरिया उनके वार्ड में आते हैं।

