Corona Virus News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में एक बार फिर वृद्धि देखी जा रही है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। मुंबई महानगरपालिका (BMC) क्षेत्र में अब तक 53 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी मरीज की मृत्यु नहीं हुई है, लेकिन संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
अस्पतालों में की गई विशेष व्यवस्था
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने नगरपालिका क्षेत्र के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। कोरोना संक्रमित मरीजों की उचित देखभाल और इलाज के लिए विशेष बिस्तरों और आइसोलेशन वार्डों की व्यवस्था की गई है। सेवन हिल्स अस्पताल में विशेष रूप से 20 MICU (मेडिकल ICU) बेड, 20 बेड बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए और 60 सामान्य बेड तैयार किए गए हैं। वहीं, कस्तूरबा अस्पताल में दो ICU बेड और 10 बेड का वार्ड भी तैयार रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर इस क्षमता को तुरंत बढ़ाया जा सकता है।
मरीजों की संख्या में मई से वृद्धि
BMC की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से अप्रैल 2025 तक मुंबई में कोविड-19 के मामले बेहद कम थे। लेकिन मई महीने में मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। बावजूद इसके, नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से घबराने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही, कोविड के प्रसार पर नियंत्रण रखने के लिए निगरानी लगातार जारी है।
लक्षण और सतर्कता के उपाय
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को कोरोना के सामान्य लक्षणों की जानकारी भी दी है। बुखार, सूखी या बलगम वाली खांसी, गले में खराश या दर्द, थकान, शरीर दर्द व सिरदर्द, कभी-कभी सर्दी, नाक बहना, स्वाद या गंध का न आना, गंभीर मामलों में सांस लेने में कठिनाई सबसे खतरनाक संकेत हो सकता है। यदि कोई भी व्यक्ति इन लक्षणों का अनुभव करता है तो उसे तुरंत निकटतम नगरपालिका क्लिनिक, अस्पताल या पारिवारिक चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
सतर्कता ही सुरक्षा
BMC और स्वास्थ्य विभाग ने फिर से दोहराया है कि वर्तमान हालात में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। नागरिकों को मास्क पहनने, हाथ धोने और भीड़भाड़ से बचने जैसे कोविड-उपायों का पालन करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

