Greater Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण ने जेवर क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की किस्मत बदलनी शुरू कर दी है। अब परिषदीय स्कूलों में भी निजी स्कूलों जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी कड़ी में जेवर ब्लॉक में जनपद का पहला दो मंजिला प्राथमिक विद्यालय बंकापुर में बनाया जा रहा है। यह स्कूल 50 लाख रुपये की लागत से सीएसआर फंड के अंतर्गत इंडियन ऑयल की सहायता से निर्मित किया जा रहा है। नई शिक्षा नीति के तहत इस स्कूल में प्रैक्टिकल और वास्तविक जीवन से जुड़ी शिक्षा दी जाएगी।
स्मार्ट क्लासरूम और कंप्यूटर लैब से लैस होगा नया स्कूल
जेवर ब्लॉक के स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार तेज़ी से हो रहा है। पहले जहां कई स्कूलों में छात्रों को ज़मीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी, अब एक नया स्कूल बनाया जा रहा है जिसमें स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस नए स्कूल में आठ कमरे होंगे, जो कि सामान्य प्राथमिक स्कूलों से कहीं अधिक हैं। साथ ही छात्रों के बैठने के लिए फर्नीचर की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे छात्रों को बेहतर माहौल में शिक्षा प्राप्त हो सकेगी।
बाल वाटिका और न्यूट्रिशन गार्डन भी होगी खासियत
इस आधुनिक स्कूल में साइंस और रोबोटिक्स के लिए माड्यूलर कंपोजिट लैब, स्मार्ट गणित और विज्ञान की लैब भी स्थापित की जाएगी। इसके अलावा छात्रों के लिए बाल वाटिका और न्यूट्रिशन गार्डन की सुविधाएं भी होंगी। सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कूल में सोलर पैनल भी लगाए जाएंगे। साथ ही रेनवाटर कलेक्शन सिस्टम और आरओ वाटर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी छात्रों और शिक्षकों के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी। स्कूल में मिड डे मील के लिए एक विशेष कमरा और एक कॉन्फ्रेंस रूम भी होगा, जिसका उपयोग छात्रों और शिक्षकों के लिए किया जाएगा।
ये भी पढ़ें..
Noida News: मकान मालिक और किरायेदार के बीच हिंसक झड़प, वीडियो वायरल
एयरपोर्ट निर्माण से जेवर में आई है सकारात्मक बदलाव की लहर
पहले जेवर क्षेत्र में कंपनियों का सीएसआर फंड के अंतर्गत कार्य करने में रुचि नहीं थी, लेकिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण ने इस स्थिति को पूरी तरह से बदल दिया है। जेवर ब्लॉक को प्रदेश के सुपर 100 ब्लॉक्स में चुना गया है, जो कि इस क्षेत्र की उन्नति का प्रमाण है। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि इस नए स्कूल की स्थापना से स्थानीय छात्रों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।

