Congress: कांग्रेस ने भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की तीन कृषि कानूनों को वापस लाने की मांग वाली टिप्पणी पर भाजपा पर तीखा हमला किया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर निशाना साधा।
राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने सवाल उठाया, “सरकार की नीति कौन तय कर रहा है? एक भाजपा सांसद या प्रधानमंत्री मोदी?” राहुल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि हरियाणा और पंजाब के 700 से अधिक किसानों की शहादत के बाद भी भाजपा का दिल नहीं पसीजा।
किसानों की शहादत का मुद्दा
राहुल गांधी ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, “700 लोग शहीद हुए, लेकिन मोदी जी ने उनके लिए दो मिनट का मौन भी नहीं रखा। हम इसे कभी नहीं भूलेंगे।” उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन किसानों के खिलाफ भाजपा का कोई भी षड्यंत्र सफल नहीं होने देगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों को नुकसान पहुंचाने के लिए कोई भी कदम उठाया गया तो प्रधानमंत्री मोदी को फिर से माफी मांगनी पड़ेगी।
ये भी पढ़ें..
Ghaziabad News: जेल में बंद आरोपी ने लगाई फांसी, नाबालिग से रेप केस में हुई थी जेल
खड़गे का कंगना पर तंज
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कंगना रनौत की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भाजपा और मोदी सरकार को आज तक अपने गंभीर अपराध का एहसास नहीं हुआ है। देश के 62 करोड़ किसान यह कभी नहीं भूलेंगे कि मोदी सरकार ने उनके खिलाफ क्या किया।” खड़गे ने भाजपा पर किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोप भी दोहराया, जो लखीमपुर खीरी की घटना की ओर इशारा करता है।

