उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ माफिया अतीक की हत्या के बाद पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए। मुख्यमंत्री ने आज प्रदेश की राजधानी लखनऊ के टेक्सटाइल पार्क में एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने माफिया अतीक और अशरफ की हत्या के बाद राज्य में कानून व्यवस्था पर टिप्पणी की। मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक कार्यक्रम में पहली बार बोलते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कोई माफिया किसी को धमका नहीं सकता है। किसी व्यापारी को अब कोई माफिया डरा – धमका नहीं सकता।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि उत्तरप्रदेश सरकार आप सभी निवेशकों की पूंजी को सुरक्षित रखने में सक्षम है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तरप्रदेश साल 2017 से पहले दंगे के लिए जाना जाता था। हर दूसरे दिन दंगा होता था। 2012 से 17 के बीच 700 से ज्यादा दंगे हुए. लेकिन 2017 के बाद दंगे की नौबत ही नहीं आई और अब आज कोई भी अपराधी व्यापारी को धमका नहीं सकता है।
सीएम योगी ने आगे कहा कि उत्तरप्रदेश के कलंक को हम मिटा चुके हैं। पहले कहा जाता था, जहां से अंधेरा शुरु हो, वहाँ से उत्तरप्रदेश शुरु होता था। आज ये दूर हो गया है। 75 मे से 71 जनपद अंधेरे मे होते थे। आज उत्तरप्रदेश के गाँवों में स्ट्रीट लाइट्स जगमगाती हैं।

