यूपी निकाय चुनाव में अब बस कुछ ही दिन बाकि है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशियों के लिए लगातार ताबरतोड़ रैलियां कर रहे है। इसी क्रम में आज उन्होंने जौनपुर में सभा को सम्बोधित किया। सीएम सभा में देरी से पहुंचे लेकिन लोग उनका इंतज़ार करते रहें। लोगों के इंतज़ार करने के लिए उन्होंने धन्यवाद कहा और देर से आने का कारण बताया। उन्होंने कहा कि मैं जौनपुर आने को उत्सुक था, लेकिन मुरादाबाद क्षेत्र में मौसम खराब होने की वजह से आपको इंतजार करना पड़ा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने माता शीतला की धरा और ऋषि-मुनियों की भूमि को नमन किया।
सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने पहली बार निकाय चुनाव में बसपा प्रमुख मायावती और सपा पमुख अखिलेश यादव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय यहां बुआ-बबुआ और बहन-भाई की सरकारों ने यहां पहचान का संकट पैदा कर दिया। कभी यहां इत्र इमरती की खुशबू आती थी,अनेक विद्वान इस धरा ने दिया। यहां के युवाओं के हाथ मे तमंचे पकड़ा दिए, यहां पहचान की संकट पैदा हो गई। आज जौनपुर अपनी पुरानी पहचान लेकर आगे बढ़ रहा है। सरकार ने तय किया है कि यहां की इमरती की पहचान दुनिया तक पहुंचे।
उन्होंने आगे कहा कि आज शहर में गंदगी नहीं स्मार्ट सिटी बन रहे हैं, शहर में शोहदों का आतंक नहीं सेफ सिटी बन रहे हैं। आज कोई माफिया अपराधी सीना तान कर नही चल सकता, बहन-बेटियां सिर उठाकर चलती हैं। अपराधी आज गले मे तख्ती लटकाकर जान की गुहार लगा रहे हैं। ये सब डबल इंजन की सरकार के कारण हो सका, इस डबल इंजन के साथ तीसरा इंजन जुड़ जाए तो विकास की ट्रिपल स्पीड हो जाएगी। आप लोगों का आशीर्वाद रहा तो ट्रिपल इंजन की सरकार से पूरे जिले का चौहमुखी विकास होगा।

