भारतीय जनता पार्टी के 44 वें स्थापना दिवस पर आज गुरुवार 06 अप्रैल को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने प्रदेश कार्यालय पर भाजपा का ध्वज फहराया। इस दौरान प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह मौजूद रहे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी की स्थापना दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी का भाषण सुने। बता दें कि भाजपा का स्थापना दिवस प्रदेश भर में बूथ स्तर तक भव्य रूप में मनाया जा रहा है। प्रदेश के सभी बूथों पर भाजपा का झंडा लहरा कर पार्टी कार्यकर्ता एलइडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुने।
बता दें कि भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि पार्टी का स्थापना दिवस प्रदेश के सभी बूथों पर मनाया जा रहा है। पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों को भी बुलाया गया था। इसके अलावा प्रदेश भर के जिला व मंडल स्तर पर भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

