CM Yogi : अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस (जेडी वेंस) इन दिनों भारत दौरे पर हैं और उन्होंने बुधवार सुबह जयपुर से आगरा पहुंचकर ताजमहल का दीदार किया। आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका भव्य स्वागत किया। वेंस इस समय अपने परिवार के साथ भारत भ्रमण पर हैं और ऐतिहासिक धरोहरों के दर्शन कर रहे हैं।
ताजमहल के दीदार को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
वेंस के ताजमहल दौरे को लेकर आगरा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के साथ भारतीय सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा घेरे की व्यवस्था की थी। ताजमहल परिसर और उसके आसपास अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम देखने को मिले। वेंस ने ताजमहल की खूबसूरती को निहारा और परिवार सहित तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसके बाद वे दोपहर करीब 1:25 बजे जयपुर लौट गए।
जयपुर में विशेष स्वागत, सिटी पैलेस रहेगा बंद
जयपुर पहुंचने के बाद वेंस सीधे सिटी पैलेस का दौरा करेंगे। सिटी पैलेस संग्रहालय के निदेशक वैभव चौहान ने जानकारी दी कि वेंस और उनके परिवार के विशेष दौरे के कारण आज संग्रहालय आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने सिटी पैलेस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था और हर पहलू की जांच की थी।
दीया कुमारी और पद्मनाभ सिंह करेंगे अगवानी
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और जयपुर के पूर्व शाही परिवार के सदस्य पद्मनाभ सिंह स्वयं जेडी वेंस और उनके परिवार का स्वागत करेंगे और उन्हें सिटी पैलेस का विशेष दौरा कराएंगे। वेंस को राजस्थानी संस्कृति, विरासत और राजसी इतिहास के बारे में जानकारी दी जाएगी।
पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा अलर्ट
इस बीच, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद जयपुर में भी सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद जेडी वेंस की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। अब ईआरटी (Emergency Response Team) कमांडो की कई टीमें उनकी सुरक्षा में तैनात की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस गुरुवार सुबह 6:40 बजे वाशिंगटन के लिए रवाना होंगे। भारत दौरे के दौरान वेंस की यात्रा राजनयिक संबंधों के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, पारा 41 डिग्री के पार
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

