CM Rekha Gupta : अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस 2025 के मौके पर दिल्ली में एक भव्य श्रमिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। भारत सरकार और निर्माण श्रमिक बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद बांसुरी स्वराज और श्रम मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद सीएम रेखा गुप्ता ने महिला श्रमिकों से बातचीत कर उनके हालचाल जाने। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के हित में कई बड़े ऐलान भी किए।
सीएम रेखा गुप्ता के प्रमुख ऐलान
- हर साल श्रमिकों के परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण दिल्ली सरकार कराएगी।
- गर्मी के मौसम में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक श्रमिकों को विश्राम का समय मिलेगा, इसके लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
- न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की गई है, जो 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी हो चुकी है।
- कार्यस्थल पर महिला श्रमिकों की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
- दिल्ली में 3000 वॉटर कूलर लगाए जाएंगे ताकि श्रमिकों को गर्मी से राहत मिल सके।
सीएम रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा मैं इस बात पर खेद प्रकट करती हूं कि पिछली सरकारों ने श्रमिकों के बारे में कभी गंभीरता से नहीं सोचा। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब हालात बदल रहे हैं। राज्य और केंद्र की दोनों सरकारें मिलकर श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए काम कर रही हैं।
बांसुरी स्वराज का श्रमिकों को सलाम
सांसद बांसुरी स्वराज ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा भारत के निर्माण में लगे हर हाथ को प्रणाम। आज की सरकार श्रमिकों को सिर्फ मजदूर नहीं, बल्कि देश की नींव मानती है।” उन्होंने यह भी बताया कि 2018 के बाद यह पहला अवसर है जब श्रमिक सम्मान का कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
कपिल मिश्रा का सरकार पर निशाना
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पिछली सरकारें गरीबों और श्रमिकों की तरफ देखना भी नहीं चाहती थीं। उन्होंने बताया कि 27 वर्षों से जो कार्य अधूरे थे, वे अब पूरे हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान योजना जैसी जनहितकारी योजनाएं पिछली सरकारें लागू कर सकती थीं, लेकिन उन्होंने श्रमिकों की सुध नहीं ली।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time