भाजपा नेता और विधायक शुभेंदु अधिकारी के दावों पर अब सियासत तेज हो गयी है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुभेंदु अधिकारी के दावों पर भड़क गई है। उन्होंने कहा अगर शुभेंदु अधिकारी की बात सच हुई तो वह मुख्यमंत्री का पद त्याग देगी। दरअसल, भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने यह दावा किया था कि तृणमूल कांग्रेस की अखिल भारतीय पार्टी की मान्यता खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अमित शाह को फोन कर अनुरोध किया था कि उनकी पार्टी की राष्ट्रीय दर्जा खत्म नहीं करें।
बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने आज बुधवार को राज्य सचिवालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के एक नेता ने दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय पार्टी की मान्यता खत्म होने के बाद मैंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चार बार फोन करके ऐसा नहीं करने का अनुरोध किया था। अगर इसे कोई भी साबित कर दे तो मैं मुख्यमंत्री का पद छोड़ दूंगी। ममता ने कहा कि हमारी पार्टी अखिल भारतीय थी, है और हमेशा रहेगी।

