केंद्र सरकार द्वारा दिल्ली में अध्यादेश लाए जाने के बाद आप सरकार देशभर में विपक्षी पार्टियों को केंद्र सरकार के खिलाफ गोलबंद कर रही है। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा है कि वह देश भर में घूम घूम कर सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों से मिलकर इस अध्यादेश के खिलाफ राज्यसभा में वोट करने का अपील करूँगा।
इसी कड़ी में आज उन्होंने मुंबई में मातोश्री बंगले में आकर उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, सांसद संजय सिंह और राघव चड्ढा भी थे। इस मुलाकात के बाद ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आठ साल की लड़ाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला दिया था लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटते हुए केंद्र सरकार ने अपनी मनमर्जी से एक अध्यादेश लाकर जनता की चुनी हुई सरकार के ऊपर उप राज्यपाल को थोप दिया।
उद्धव ठाकरे ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अरविंद केजरीवाल दूसरी बार हमसे मिलने मातोश्री आए है। रिश्ता निभाने के लिए शिवसेना और मातोश्री मशहूर है। हम राजनीति से आगे जाकर रिश्तों को अहमियत देते हैं। लोकतंत्र और संविधान को टिकाए रखने के लिए हमारा एक होना जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला लोकतंत्र के हक में था, लेकिन यह केंद्र सरकार को कुबूल नहीं था। लोकतंत्र को बचाना जरूरी है, इसलिए 2024 में इस हुकुमशाही की सरकार का जाना जरूरी है। बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि देश इलेक्टेड लोग नही सिलेक्टेड लोग चला रहे है।

