आबकारी नीति घोटाला मामले में फंसे दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। बता दें कि आज सिसोदिया की न्यायिक हिरासत समाप्त हो रही थी। कोर्ट ने सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 1 जून तक के लिए बढ़ा दिया है, लेकिन इस बीच मनीष सिसोदिया को लेकर दिल्ली पुलिस और आम आदमी पार्टी के बीच तकरार हो गयी है। आप पार्टी के नेताओं ने दिल्ली पुलिस पर केंद्र सरकार का दबाव होने का आरोप लगाया तो वही दिल्ली पुलिस ने भी इसका करारा जवाब दिया है।
दरअसल, आज जब आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को लेकर दिल्ली पुलिस राउज एवेन्यू कोर्ट जा रही थी तब मनीष सिसोदिया से पत्रकारों ने केंद्र द्वारा लाए गए अध्यादेश पर सवाल किया। जिस पर वे बोलना शुरू ही किए थे कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें पकड़ते हुए तेजी से अंदर ले गए। जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र और दिल्ली पुलिस पर दुर्व्यवाहर करने का आरोप लगाया और दोषी पुलिसकर्मी को ससपेंड करने की मांग की।
सीएम केजरीवाल और आप नेताओं ने लगाए आरोप
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने ट्वीट करते हुए कहा कि राउज एवेन्यू कोर्ट में इस पुलिसकर्मी द्वारा मनीष जी के साथ चौंकाने वाला दुर्व्यवहार. दिल्ली पुलिस को उन्हें तुरंत सस्पेंड करना चाहिए। इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आतिशी के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए कहा कि ‘क्या पुलिस को इस तरह मनीष जी के साथ दुर्व्यवहार करने का अधिकार है ? क्या पुलिस को ऐसा करने के लिए ऊपर से कहा गया है ?’
सीएम केजरीवाल और आप नेताओं द्वारा लगाए आरोपों पर दिल्ली पुलिस ने भी जवाब दिया है। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने दुर्व्यवहार के आरोपों को दुष्प्रचार बताया है। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘वीडियो में प्रचारित पुलिस की प्रतिक्रिया सुरक्षा की दृष्टि से अनिवार्य थी।’

