उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 71वें अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स संकुल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस चैंपियनशिप का आयोजन 21 से 25 मार्च तक किया जाएगा। इसकी शुरुआत महानगर स्थित पीएसी की 35वीं बटालियन से हुई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज इसका उद्घाटन किया है। इस उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेरे लिए अत्यंत प्रसन्नता का क्षण है कि देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 71वें अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स संकुल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है। यूपी में दस वर्ष के बाद जब अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स संकुल चैंपियनशिप का अयोजन हो रहा है तो इसमें 25 राज्यों से 1300 से अधिक प्रतिभागियों की उपस्थिति है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले नौ वर्ष से हमने खेल संस्कृति को बढ़ते हुए देखा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत दुनिया के अंदर किसी भी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता और देश के अंदर राष्ट्रीय प्रतियोगिता होती है तो विभिन्न राज्य उसमें प्रतिभाग करते हैं और स्वस्थ्य खेल प्रतिस्पर्धा और कौशल का परिचय देते हैं। खास तौर पर ओलम्पिक में भारत का प्रतिभाग बढ़ा और भारत को मिलने वाले मेडल की संख्या भी बढ़ी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि “वर्तमान में किसी प्रतियोगिता या अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में जिन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया है उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस बल में या राज्य की विभिन्न सेवाओं में स्थान देने की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है। “शीघ्र ही 500 से अधिक खिलाड़ियों को विभिन्न सेवाओं में स्थान दिया जाएगा।”

