यूपी निकाय चुनाव में तेजी आने के साथ ही विभिन्न पार्टियों के नेताओं का दलबदल करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। रविवार को सिद्धार्थनगर जिले के कांग्रेस के कद्दावर नेता नौगढ़ ब्लॉक के पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्हें भाजपा कार्यालय पर भाजपा के जिला संयोजक कन्हैया पासवान की मौजूदगी में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद विजय सिंह ने भाजपा के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए भाजपा प्रत्याशियों को हर संभव जिताने के लिए कार्य करने की बात कही और कांग्रेस पार्टी पर अनदेखी करने और उन्हें उचित स्थान ना देने का आरोप लगाया। इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष संजीव राय मीडिया से बात करते हुए कहा कि अन्य पार्टियों के बड़े नेताओं का भारतीय जनता पार्टी में आने और सदस्यता ग्रहण करने का सिलसिला नहीं रुक रहा है।
उन्होंने कहा कि बीते कल वरिष्ठ नेता राधारमण त्रिपाठी की भाजपा में घर वापसी हुई है तो आज कांग्रेस के कद्दावर नेता विजय सिंह के भाजपा में आने से निश्चित तौर से भाजपा मजबूत हुई है और इसका व्यापक असर इस निकाय के चुनाव में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से सबका साथ और सबका विकास की बात करती है और इसी को ध्यान में रखकर सबका विकास भी किया जा रहा है।

