Chamoli Cloudburst 2025: उत्तराखंड में एक बार फिर बादल फटने की घटना ने लोगों की नींद उड़ा दी है। बुधवार रात चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में हुई भीषण बारिश और बादल फटने से भारी तबाही हुई। कुंतरी फाली और धुर्मा गांवों में मलबा आने से छह घर पूरी तरह ध्वस्त हो गए। इस घटना में 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
SDRF और NDRF की रेस्क्यू टीम मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दोनों एजेंसियां लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि नंदानगर घाट इलाके में भारी वर्षा से नदी-नालों में उफान आ गया है, जिससे कई घरों को नुकसान पहुंचा है।
लापता लोगों की सूची जारी
तहसील घाट नंदानगर के कुंतरी लांगाफली वार्ड में सबसे ज्यादा तबाही हुई है। यहां आठ लोग मलबे में दबकर लापता हो गए हैं। वहीं धुर्मा गांव से दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। कुल 10 लोग लापता हैं। –
क्रम संख्या | नाम | पिता/पति का नाम | आयु (वर्ष) | गांव/क्षेत्र | स्थिति |
---|---|---|---|---|---|
1 | कुंवर सिंह | बलवंत सिंह | 42 | कुंतरी फाली | लापता |
2 | कांता देवी | पत्नी कुंवर सिंह | 38 | कुंतरी फाली | लापता |
3 | विकास | पुत्र कुंवर सिंह | 10 | कुंतरी फाली | लापता |
4 | विशाल | पुत्र कुंवर सिंह | 09 | कुंतरी फाली | लापता |
5 | नरेंद्र सिंह | पुत्र कुताल सिंह | 40 | कुंतरी फाली | लापता |
6 | जगदम्बा प्रसाद | पुत्र ख्याली राम | 70 | कुंतरी फाली | लापता |
7 | भागा देवी | पत्नी जगदम्बा प्रसाद | 65 | कुंतरी फाली | लापता |
8 | देवेश्वरी देवी | पत्नी दिलबर सिंह | 65 | कुंतरी फाली | लापता |
9 | गुमान सिंह | पुत्र चन्द्र सिंह | 75 | धुर्मा गांव | लापता |
10 | ममता देवी | पत्नी विक्रम सिंह | 38 | धुर्मा गांव | लापता |
दर्जनों घर और परिवार संकट में
भारी बारिश के चलते चमोली ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी खतरा मंडरा रहा है। देहरादून के रायवाला में 200 से ज्यादा परिवार पानी से घिर गए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने का काम जारी है। मसूरी जाने वाले मार्ग पर रोक लगा दी गई है, ताकि किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।
मेडिकल टीम और एम्बुलेंस तैनात
जिलाधिकारी के अनुसार, राहत कार्यों को तेज करने के लिए मेडिकल टीम को भी मौके पर भेजा गया है। तीन एम्बुलेंस (108 सेवा) पहले ही नंदानगर रवाना कर दी गई हैं। मोक्ष नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही आपदाएं
उत्तराखंड पिछले कुछ वर्षों से प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है। भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ग्लोबल वार्मिंग और अनियंत्रित विकास कार्यों के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं और अधिक बढ़ रही हैं।
प्राकृतिक आपदा
चमोली क्लाउडबर्स्ट 2025 ने एक बार फिर राज्य को झकझोर कर रख दिया है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन कई परिवार अब भी संकट में हैं। लापता लोगों की तलाश में SDRF और NDRF लगातार प्रयास कर रही हैं। सरकार और प्रशासन लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है।
ये भी पढ़ें : Bihar Government Scheme: बिहार सरकार ने की बड़ी घोषणा, नवरात्रि और दिवाली से पहले मिलेगा आर्थिक सहारा
ये भी देखें : PM Modi के 75वें जन्मदिन पर Gujarat में चला महा रक्तदान अभियान