सुल्तानपुर शहर के चर्चित फायजा हॉस्पिटल पर स्वास्थ विभाग के अधिकारियों ने शिंकजा कसना शुरू कर दिया है। दो दिन पूर्व यहां वृद्ध मरीज की इलाज में लापरवाही से मौत हुई थी। हॉस्पिटल के डॉक्टर सादिक अली ने तीमारदारों से मारपीट की थी। इस पूरे मामले में CMO (मुख्य चिकित्साधिकारी) डॉ डी के त्रिपाठी ने ACMO (अपर मुख्य चिकित्साधिकारी और डिप्टी सीएमओ को जांच सौंपी है।
बता दें कि मंगलवार को दोस्तपुर थाना क्षेत्र के कैरथा गोसरपुर निवासी मोहम्मद अयूब खान को परिजनों ने फायजा हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। आरोप है, भर्ती करने के बाद डॉक्टर ने मरीज का सही इलाज नहीं किया। परिजन डॉक्टर को बार-बार बुलाते रहे लेकिन हॉस्पिटल स्टॉप ने OT (ऑपरेशन थियेटर) में कहकर डॉक्टर को बुलाया नहीं। परिजनों का आरोप है कि काफी देर बाद डॉक्टर सादिक अली आए तो परिजनों से ही उलझ गए थे। मृतक की बहू का आरोप है डॉक्टर ने इलाज करने के बजाय मेरे देवर व मेरे पिता की पिटाई की थी।
तो वहीं बुधवार दोपहर अयूब खान की हॉस्पिटल में मौत हो गई जिस पर परिजनों ने फायजा हॉस्पिटल में हंगामा किया था। पुलिस व यूनियन के डॉक्टर के आने के बाद माफी मांगने पर मामला शांत हुआ था। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डीके त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल सीएमओ डॉ. राधाबल्लभ व डिप्टी सीएमओ डॉ. आमिर को लेकर जांच टीम गठित की है। एसीएमओ ने बताया कि मृतक के परिजनों को नोटिस जारी किया जा रहा है। उनके बयान दर्ज किए जाएगें। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट मुख्य चिकित्साधिकारी को सौंपी जाएगी ।

