गाजीपुर से बसपा सांसद अफजल अंसारी पर गैंगेस्टर का मामला चल रहा है। इस मामले पर गाजीपुर की एमपी एमएलए कोर्ट 29 अप्रैल को अपना फैसला सुनाएगी। इससे पहले आज बसपा सांसद ने मीडिया से बात की है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर सुनियोजित तरीके से आरोप लगाया गया है जो बेबुनियाद है।
जिसके खिलाफ मैं ट्रायल कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती से रख रहा हूं। उन्होंने कहा कि केस का ट्रायल कोर्ट में परीक्षण चल रहा है। उन्होंने साफ कहा कि 29 अप्रैल को जो भी फैसला आए उसके लिए वे तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने देश की न्यायिक व्यवस्था और संविधान में भरोसा जताते हुए कहा कि देश की न्यायिक व्यवस्था और संविधान पर उन्हें पूरा भरोसा है।
कालनेमि और रावण भी भेष बदल कर आया था
वहीं बसपा सांसद ने अपने भाई मुख्तार अंसारी के ऊपर जान के खतरे और प्रयागराज में हुए अतीक अहमद शूट आउट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने अतीक अहमद शूट आउट को एक सुनियोजित षड्यंत्र बताया है। आपको बता दें कि बसपा सांसद ने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कालनेमि भी भेष बदल कर आया था और रावण भी भेष बदलकर सीता मैया का अपहरण किया।
बसपा सांसद अफजाल अंसारी ने अहमद ब्रदर्स हत्याकांड पर बड़ा दावा करते हुए कहा कि अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ की शूटआउट में हत्यारे 3 नहीं बल्कि 5 थे। उन्होने कहा कि जो दो और थे उनकी कोई भी तस्वीर मीडिया में नहीं आई है। बसपा सांसद ने कहा कि अगर इसकी जांच हुई तो सब भेद खुल जाएगा। 15 अप्रैल को प्रयागराज में जो हुआ वह दिल दहला देने वाला था।
2024 में केंद्र की सरकार 200 का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी
बसपा सांसद अफजल अंसारी ने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों पर कहा कि कहा जा रहा है कि अब इसके बाद मुख्तार अंसारी का नंबर है लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। मारने वाले से बचाने वाला बड़ा होता है। आज समाज में जो हो रहा है वह अच्छा नहीं हो रहा है।
बसपा सांसद ने प्रदेश के सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम इन्वेस्टर सम्मिट में दावा करते हैं कि उत्तम प्रदेश, उत्तर प्रदेश में परिंदा भी पर नहीं मार सकता लेकिन अतीक अहमद का शूटआउट जैसा इतना बड़ा कांड हो गया। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि 2024 में केंद्र की सरकार 200 का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी, उन्होंने कहा कि भाजपा की हालत खराब है क्योंकि अगस्त में क्रांति होने वाली है और बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

