ब्रिटेन की राजधानी लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग परिसर में रविवार को खालिस्तान समर्थकों ने घुसकर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को उतार कर खालिस्तानी झंडा फहरा दिया था। जिसका सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारत ने ब्रिटिश उप उच्चायुक्त को तलब किया था और वहां ‘सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल न होने पर’ पर स्पष्टीकरण मांगा था। इसके बाद ब्रिटेन ने खालिस्तानियों द्वारा खालिस्तानी झंडे लहराते हुए भारतीय उच्चायोग में तोड़फोड़ करने की घटना को ‘अपमानजनक’ और ‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’ करार देते हुए इसकी निंदा और आलोचना भी की थी।
इस घटना के बाद भारत ने ब्रिटेन को जैसा को तैसा के रूप में करारा जवाब देते हुए बड़ा सबक सिखाया है। भारत ने भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित ब्रिटिश उच्चायोग और ब्रिटिश उच्चायुक्त के आवास के बाहर लगे अतिरिक्त बैरिकेड्स हटा दिए। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। हालांकि, उच्चायोग की ओर जाने वाले रास्ते पर लगाए गए बैरिकेड्स हटा दिए गए हैं, क्योंकि ये आने-जाने में परेशानी पैदा कर रहे थे।
भारत के इस कदम के बाद ब्रिटेन में हलचल मच गयी। उसने आनन फानन में भारतीय उच्चायोग के बाहर और ज्यादा पुलिसकर्मी और बैरिकेड्स लगा दिए है। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दिया गया है।

