कांग्रेस नेता राहुल गाँधी द्वार कथित तौर पर लंदन में भारत विरोधी भाषण देने के आरोप में भाजपा लगातार माफ़ी की मांग कर रही है। भाजपा लगातार यह मांग कर रही है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने देश का अपमान किया है इसलिए उन्हें देश से माफ़ी मांगनी चाहिए। बता दें कि राहुल गाँधी ने अबतक इस मुद्दे पर कोई माफ़ी नहीं मांगी है। इस वजह से बजट सत्र भी हंगामे के भेंट चढ़ रहा है।
आज भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने राहुल गाँधी की तुलना मीर जाफर से की है। पात्रा ने कहा कि राहुल को विदेश में भारतीय लोकतंत्र का अपमान करने के लिए माफी मांगनी होगी। राहुल गांधी कह रहे हैं कि वह माफी नहीं मांगेंगे। मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूं कि राफेल मुद्दे पर उन्होंने 2019 में सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी थी। राहुल गांधी को इस बार भी माफी मांगनी होगी।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आगे कहा कि जिस तरह मीर जाफर ने नवाब बनने के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी की मदद की थी। उसी तरह राहुल गांधी लंदन में बयान देकर अंग्रेजों से मदद मांग रहे हैं। राहुल गांधी के आरोप कि उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया जाता। जवाब में पात्रा ने कहा कि स्वयं राहुल गांधी ही सदन की कार्यवाही में ठीक से भाग नहीं ले रहे हैं। राहुल गांधी की उपस्थिति महज 52 प्रतिशत है। उन्होंने छह चर्चा में भाग लिया है और 52 सवाल पूछे हैं। यह राष्ट्रीय औसत और जिस राज्य केरल से वे आते हैं की औसत से काफी कम है।

