गाजियाबाद। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा ने शनिवार को गाजियाबाद में मेरी माटी-मेरा देश अभियान का शुभारंभ किया। मोहननगर स्थित कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में देश को विकसित राष्ट बनाने के लिए संकल्प लेने का अवसर है। हर वार्ड-हर गांव, हर पंचायत में शहीदों को याद करना है। हर वार्ड में शहीदों की शिला पटिटकाएं लगाई जाएंगी।
जेपी नड्डा ने मेरी माटी मेरा घर अभियान की बताई महत्ता
इससे पहले जेपी नड्डा कुपवाड़ा में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए मेजर मोहित शर्मा के घर पर कलश में मिटटी ली। इस अभियान के तहत हर वार्ड, हर पंचायत और हर गांव में 75-75 पौधे रोपे जाएंगे। पांच घरों से एक चुटकी मिटटी और दो दाने चावल लिए जाएंगे। इन्हें फिर लखनऊ भेजा जाएगा। लखनऊ में मुख्यमंत्री इन्हें दिल्ली के लिए रवाना करेंगे। दिल्ली में अक्टूबर के अंत में कर्तव्यपथ पर प्रधानमंत्री संकल्प दिलाएंगे।
विपक्ष पर जेपी नड्डा ने साधा निशाना
जेपी नडडा ने मुंबई में विपक्षी दलों की बैठक को परिवार को आगे बढ़ाने के लिए मिलन करार देते हुए कहा कि सोनिया गांधी को राहुल के भविष्य की चिंता है। लालू को तेजस्वी, उद्धव को अपने बेटे, अखिलेश को डिंपल की चिंता है। विपक्षी दलों के सभी नेताओं को सिर्फ अपने परिवार को आगे बढ़ाने की चिंता है।
उन्होंने कहा कि नौ साल पहले खाली घोटालों की खबरेंआती थी। आज देश हर चींज में आगे है। नौ साल पहले टूजी, जीजाजी घोटाले की बाते होती थीं। आज भारत दुनिया की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन गया है। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, केंद्रीय मंत्री वी के सिंह, सांसद अनिल अग्रवाल, विधायक सुनील शर्मा, अजीतपाल त्यागी, अतुल गर्ग, मेयर आशा शर्मा व सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने किया।

