दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और रोहिणी विधायक विजेंद्र गुप्ता को दूसरी बार दिल्ली विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया है। पहली बार वे 2015 से 2020 तक इस पद पर रहे, जब दिल्ली विधानसभा में भाजपा के गुप्ता समेत सिर्फ तीन विधायक थे। 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद रामवीर सिंह बिधूड़ी को विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया। बिधूड़ी के सांसद चुने जाने के बाद विपक्ष के नेता का पद खाली हो गया था।
विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला
सोमवार को पार्टी कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें पार्टी की सह प्रभारी डॉ. अलका गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, संगठन महामंत्री पवन राणा समेत सभी सात भाजपा विधायक शामिल हुए। बैठक के दौरान विधायक अजय महावर ने विधायक दल के नेता के लिए विजेंद्र गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का करावल नगर से विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विश्वास नगर से विधायक ओपी शर्मा, अनिल वाजपेयी, अभय वर्मा और ितेंद्र महाजन ने समर्थन किया। प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आधिकारिक तौर पर विजेंद्र गुप्ता को विपक्ष का नेता घोषित किया।
2015 से विधायक हैं विजेंद्र गुप्ता
2015 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली में भाजपा के केवल तीन विधायक थे, जिनमें से एक विजेंद्र गुप्ता थे। 2020 के विधानसभा चुनाव तक भाजपा विधायकों की संख्या 3 से बढ़कर 8 हो गई। उस समय बदरपुर से विधायक रहे रामवीर सिंह बिधूड़ी को विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया था। बिधूड़ी के बाद में संसद में चुने जाने के बाद विपक्ष के नेता का पद खाली हो गया था।

