Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत सात लोगों की मौत हो गई। हादसा देर रात उस समय हुआ जब एक परिवार मुरादाबाद में शादी समारोह में शामिल होने के बाद थ्री व्हीलर वाहन से अपने गांव तिबड़ा लौट रहा था। धामपुर-नगीना मार्ग पर तेज रफ्तार क्रेटा कार ने थ्री व्हीलर वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक थ्री व्हीलर वाहन चालक था, जबकि अन्य छह एक ही परिवार के सदस्य थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
धामपुर-नगीना मार्ग पर हादसा
रिपोर्ट के अनुसार तिबड़ा गांव निवासी खुर्शीद अपने बेटे विशाल की शादी में शामिल होने झारखंड गए थे। लौटते समय खुर्शीद, उनका बेटा विशाल, बहू खुशी, पत्नी मुमताज, बेटी रूबी और 10 वर्षीय बुशरा तिपहिया वाहन से मुरादाबाद से अपने गांव जा रहे थे। जब वे धामपुर-नगीना मार्ग पर पहुंचे तो तेज रफ्तार क्रेटा कार ने पीछे से उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
हादसे में गई जान
हादसे में 65 वर्षीय खुर्शीद, उनके 25 वर्षीय बेटे विशाल, 22 वर्षीय बहू खुशी, 45 वर्षीय पत्नी मुमताज, 32 वर्षीय बेटी रूबी और 10 वर्षीय बुशरा की मौत हो गई। हादसे में तिपहिया वाहन चालक अजब सिंह की भी मौत हो गई। क्रेटा में सवार शेरकोट निवासी सोहेल अल्वी और अमन घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: Rohit Sharma Become Father: “HITMAN” के घर गूंजी किलकारी, दूसरी बार पापा बने रोहित शर्मा, रितिका ने बेटे को दिया जन्म
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला अधिकारियों को घायलों के लिए उचित चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने और घटनास्थल पर राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।