Bihar: चर्चित यूट्यूबर और भाजपा नेता मनीष कश्यप एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोमवार को उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में कथित रूप से जूनियर डॉक्टरों के एक समूह द्वारा पीटा गया। इस घटना के बाद मनीष कश्यप को गंभीर चोटें आईं और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना उस समय की है जब मनीष कश्यप पीएमसीएच पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, वह वहां किसी जानने वाले मरीज की तबीयत का हाल जानने पहुंचे थे। लेकिन अस्पताल की हालत देखकर उन्होंने अपना मोबाइल निकालकर वीडियो शूट करना शुरू कर दिया। मनीष कश्यप, जो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जनसमस्याओं को उठाने के लिए जाने जाते हैं, अस्पताल में अव्यवस्थाओं को रिकॉर्ड कर रहे थे।
इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला जूनियर डॉक्टर की नजर उन पर पड़ी। महिला डॉक्टर ने मनीष को वीडियो बनाने से मना किया, लेकिन मनीष कश्यप नहीं रुके। इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तेज विवाद में बदल गई।
बहस से बढ़कर मारपीट तक मामला
देखते ही देखते मौके पर जूनियर डॉक्टरों का एक समूह इकट्ठा हो गया। इस दौरान धक्का-मुक्की और फिर मारपीट की नौबत आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष कश्यप के साथ मारपीट की गई और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया। यही नहीं, उनके मोबाइल से जबरन वीडियो भी डिलीट करवा दिए गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी विवादों में रहे हैं मनीष कश्यप
यह पहला मौका नहीं है जब मनीष कश्यप (Bihar) विवादों में आए हों। दो साल पहले वह तमिलनाडु में बिहार के मजदूरों के साथ मारपीट के फर्जी वीडियो के मामले में चर्चा में आए थे। उस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। करीब एक साल पहले मनीष कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी, जिसके बाद वह राजनीतिक रूप से भी सक्रिय हो गए हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

